
उत्तराखंड में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। सुबह खिली धूप के बाद शाम को बादल छा गए, जिससे देर रात तक बारिश के आसार बने रहे। मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून, हरिद्वार समेत सात जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। वहीं, पर्वतीय जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने और सुबह-शाम ठंड बढ़ने की संभावना है।
बुधवार को देहरादून में सुबह तेज धूप खिली, लेकिन दोपहर बाद मौसम बदलने लगा और बादल मंडराने लगे। हालांकि, देर रात तक बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन शाम होते-होते तापमान में गिरावट आई। अन्य इलाकों में भी बादल छाए रहे और हल्की बारिश की संभावना बनी रही।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, गुरुवार को उत्तराखंड के अधिकतर हिस्सों में मौसम बदला रह सकता है। देहरादून, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। वहीं, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे ठंड बढ़ सकती है।