
प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में चटक धूप के कारण गर्मी बढ़ने लगी है। दिन के तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे दोपहर में गर्मी का अहसास तेज हो गया है। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान सामान्य रहने से ठंड धीरे-धीरे कम हो रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा, जिससे मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मार्च के अंतिम दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने की संभावना है, जिससे दिन के समय तपिश परेशान कर सकती है।
हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक होकर 30 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य ही रहा।