
देहरादून: उत्तराखंड में जलवायु परिवर्तन और बदलते मौसम पैटर्न के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार गर्मी जल्दी दस्तक दे रही है, जिससे मैदान से लेकर पहाड़ों तक तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, मार्च के आखिरी दिनों में तापमान और बढ़ेगा और अप्रैल की शुरुआत में गर्मी ज्यादा महसूस होगी। आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 15.8 डिग्री दर्ज हुआ।
पर्वतीय इलाकों में भी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चटक धूप खिलने से पहाड़ों में भी गर्मी महसूस होने लगी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, बीते कुछ वर्षों में जलवायु परिवर्तन और मौसम पैटर्न में बदलाव से हर मौसम प्रभावित हुआ है। मार्च में अब तक सामान्य से 75% कम बारिश हुई है, जो तापमान बढ़ने की एक प्रमुख वजह है।
हालांकि, उत्तरकाशी जिले के कुछ इलाकों में 29 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तरकाशी में तेज गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अन्य जिलों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा।