डोईवाला में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्कूटी सवार दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब दो सांड सड़क पर लड़ रहे थे और स्कूटी उनकी चपेट में आ गई। शुक्रवार रात करीब 8 बजे वीरेंद्र क्षेत्री (40) पुत्र दिल बहादुर क्षेत्री और विजय लोधी (32) पुत्र दुखीराम लोधी स्कूटी से डोईवाला से लच्छीवाला जा रहे थे। जैसे ही वे लच्छीवाला पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, सड़क पर लड़ रहे दो सांडों से उनकी स्कूटी टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को सीएचसी डोईवाला पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में वीरेंद्र क्षेत्री को जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद वीरेंद्र और विजय दोनों ने दम तोड़ दिया।पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतकों के परिवार को दे दी है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक दिहाड़ी मजदूरी करते थे और अपने परिवार के लिए रोजी-रोटी कमाने में जुटे थे।
