
उधम सिंह नगर, जसपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जसपुर कोतवाली क्षेत्र के नादेही चौकी अंतर्गत फीका पुल के पास एक बुलेट सवार दरोगा की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान आईआरबी बैलपड़ाव में तैनात दरोगा पुष्कर चंद जोशी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुष्कर चंद जोशी बिजनौर के नजीबाबाद में डाक पहुंचाने के बाद बुलेट से लौट रहे थे। लौटते समय जसपुर की ओर आते हुए फीका पुल के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दरोगा पुष्कर चंद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही नादेही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पुष्कर जोशी को मृत घोषित कर दिया।
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. धीरेंद्र मोहन गहलोत ने जानकारी दी कि, “करीब साढ़े चार बजे मृतक को अस्पताल लाया गया था। शव की पहचान पुष्कर चंद जोशी के रूप में हुई, जो चंपावत जिले के निवासी और बैलपड़ाव में दरोगा के पद पर तैनात थे। उनके शरीर पर कई गंभीर चोटें (मल्टीपल इंजरी) थीं, जिससे उनकी मौत हुई प्रतीत होती है।”
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई है। फिलहाल, पुलिस ने फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है और संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की गहन जांच की जा रही है।