उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज अंधड़ चलने की आशंका है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, अल्मोड़ा और नैनीताल में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। मैदानी क्षेत्रों जैसे हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी तेज झोंकों वाली हवाएं चलने की संभावना है।
इन दिनों राज्य में गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। रविवार को देहरादून और आसपास के इलाकों में सूरज और बादलों की लुकाछिपी जारी रही। अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस बनी रही।
चारधाम यात्रा मार्गों पर भी रविवार को दिनभर बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में हल्की बौछारों और ओलावृष्टि के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे थोड़ी राहत जरूर मिली।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
