नैनीताल| हल्द्वानी क्षेत्र की बल्यूटी के मोरा तोक में एक दर्दनाक घटना ने इलाके को दहशत में डाल दिया है। शनिवार देर रात एक गुलदार ने घर में सो रही 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला पुष्पा देवी पर हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब पुष्पा देवी गर्मी के कारण घर का दरवाजा खोलकर नीचे के कमरे में अकेली सो रही थीं।
जानकारी के अनुसार, गुलदार जंगल से निकलकर सीधे घर में घुस आया और बुजुर्ग महिला को उठाकर खेतों की ओर ले गया। महिला के चीखने की आवाज सुनकर ऊपर की मंजिल पर सो रहे परिवार और आस-पास के ग्रामीण जाग गए और शोर मचाया। शोरगुल के चलते गुलदार घबरा गया और पुष्पा देवी को खेतों में छोड़कर भाग गया।
इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने करीब एक घंटे की तलाश के बाद उन्हें खेत में गंभीर हालत में पाया। लहूलुहान अवस्था में महिला को तुरंत घर लाया गया और फिर भुजियाघाट ले जाया गया, जहां से 108 एंबुलेंस के ज़रिए उन्हें सुबह एसटीएच अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया गया। दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान रविवार को पुष्पा देवी ने दम तोड़ दिया।
मनोरा रेंज के रेंजर मुकुल शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया हमला गुलदार का ही प्रतीत हो रहा है। घटना की पुष्टि के लिए सैंपल जांच देहरादून लैब भेजे गए हैं। गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाया जा रहा है और वन विभाग की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।