देहरादून: उत्तराखंड के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। बारिश के चलते नदियां और नाले उफान पर हैं, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में आज फिर बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत और नैनीताल जिलों में गरज और चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा बाकी जिलों में भी कई स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ वर्षा हो सकती है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है।
विशेष रूप से नैनीताल, चमोली, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश के एक-दो दौर होने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश और झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।