नैनीताल, श्री राम सेवक सभा भवन में आज श्री नंदा देवी महोत्सव एवं श्री राम महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर सभा की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सभा अध्यक्ष श्री मनोज साह ने की, जबकि संचालन महासचिव श्री जगदीश बावड़ी द्वारा किया गया।
बैठक में पंचांग के अनुसार इस वर्ष नंदा देवी महोत्सव का आयोजन 28 अगस्त से 5 सितंबर 2025 तक किया जाएगा। नंदाष्टमी का पर्व 31 अगस्त 2025 को मनाया जाएगा। वहीं, श्री रामलीला महोत्सव का आयोजन 22 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक होगा तथा दशहरा 2 अक्टूबर 2025 को धूमधाम से मनाया जाएगा। दोनों ही आयोजन नैनीताल में संपन्न होंगे।
सभा परिवार ने प्रदेश एवं देशभर के श्रद्धालुओं को इन दोनों ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजनों में सपरिवार सादर आमंत्रित किया है। विदित हो कि उत्तराखंड की कुलदेवी श्री नंदा देवी के महोत्सव का आयोजन श्री राम सेवक सभा द्वारा वर्ष 1926 से किया जा रहा है, जबकि श्री रामलीला महोत्सव का मंचन सभा की स्थापना वर्ष 1918 से ही अनवरत होता आ रहा है।
बैठक में महोत्सव की सफलता हेतु जनसहयोग की भी अपील की गई है। इसी संदर्भ में अगली बैठक रविवार, 22 जून 2025 को आयोजित की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से उपाध्यक्ष श्री अशोक साह, प्रबंधक श्री विमल चौधरी, उपसचिव श्री राजेन्द्र बिष्ट, कोषाध्यक्ष श्री विमल साह, पूर्व सचिव श्री राजेन्द्र लाल साह, श्री घनश्याम लाल साह, श्री ललित लाल साह, श्री देवेंद्र लाल साह, श्री राजेन्द्र बजेठा, श्री भीम सिंह कार्की तथा प्रो. ललित तिवारी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।