
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन कालनेमि के तहत देहरादून पुलिस ने शुक्रवार, 11 जुलाई को बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 फर्जी बाबाओं को गिरफ्तार किया है। इन बाबाओं में से एक बांग्लादेश का नागरिक भी निकला, जो धार्मिक वेश में लोगों को ठगने का काम कर रहा था। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शाह आलम (उम्र 26, जिला टंगाईल, ढाका) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही है। आईबी और एलआईयू की टीमें उससे पूछताछ कर रही हैं।
यह अभियान उन लोगों पर शिकंजा कसने के लिए चलाया गया है जो धार्मिक वेशभूषा में आम जनता, विशेषकर महिलाओं को मंत्र-तंत्र, वशीकरण और ग्रह नक्षत्र के नाम पर गुमराह करते हैं। जांच में पकड़े गए कई बाबा ना कोई प्रमाण प्रस्तुत कर सके, ना धार्मिक ज्ञान साबित कर पाए।
गिरफ्तार बाबा यूपी, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल, असम और चंपावत जैसे राज्यों से हैं, जिनमें प्रमुख नाम हैं:
प्रदीप (सहारनपुर), अनिल गिरी (उना), मदन सिंह सामंत (चंपावत), रामकृष्ण (यमुनानगर), अर्जुन दास (असम), सुरेश लाल (बलिया) और कई अन्य। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभियान अभी भी जारी है।