
देहरादून: उत्तराखंड की परंपरागत हरियाली का प्रतीक हरेला पर्व-2025 इस बार नगर निगम देहरादून की ओर से विशेष रूप से वृहद पौधरोपण पखवाड़े के रूप में मनाया जाएगा। इस अभियान के तहत निगम ने लगभग एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। पौधरोपण के लिए 60 हजार वर्ग मीटर से अधिक भूमि को चिह्नित किया गया है।
इस बार जापान की मियावाकी पद्धति के जरिए हरियाली की दर को तेज़ी से बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान में निगम की खाली सरकारी जमीन के अलावा, शहर की प्रमुख सड़कों के किनारे भी पौधरोपण किया जाएगा। कुल 54277 वर्ग मीटर क्षेत्र में 850 बड़े, 42600 मध्यम और 23000 छोटे/झाड़ीदार पौधे रोपे जाएंगे।
सहस्रधारा रोड, डांडा लखौंड, आरकेडिया, कारगी स्टेशन जैसे स्थानों को प्रमुख रूप से चयनित किया गया है। वहीं शहर की सड़कों जैसे महाराणा प्रताप चौक, कुआंवाला, एफआरआई रोड आदि पर भी हरियाली की विशेष मुहिम चलाई जाएगी।
नगर निगम ने इस पूरे अभियान के लिए वन विभाग से पौधों की व्यवस्था की है। साथ ही, स्कूलों और संस्थाओं के सहयोग से 10 से 15 हजार पौधों का रोपण अतिरिक्त रूप से किया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार, कुल मिलाकर इस पखवाड़े में 89900 पौधों का रोपण सुनिश्चित किया जाएगा, जो नगर की हरियाली को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।