
नैनीताल – वीकेंड पर सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटकों की भारी आमद से पूरे शहर में रौनक लौट आई। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश से हजारों की संख्या में सैलानी नैनीताल पहुंचे और सुहावने मौसम का आनंद उठाया।
होटल पैक, पर्यटन स्थलों पर भीड़
शहर के प्रमुख होटलों में 50% से अधिक कमरे फुल रहे। अनुमानित 2000 से ज्यादा सैलानियों ने नगर में दस्तक दी, जबकि 800 से अधिक पर्यटक वाहन नगर में दाखिल हुए। स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, वाटरफॉल, केव गार्डन और बॉटनिकल गार्डन जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर दिनभर चहल-पहल रही।
मालरोड पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में सैलानियों ने नौका विहार का लुत्फ लिया। नगर का मौसम पूरे दिन खुशनुमा बना रहा, जिससे पर्यटकों का उत्साह और भी बढ़ गया।
धूप से राहत, मौसम ने साथ दिया
कई दिनों के बाद खिली चटक धूप ने मौसम को सुहाना बना दिया। बारिश न होने से जहां स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की, वहीं पर्यटकों ने भी दिनभर पर्यटन स्थलों में जमकर मौज-मस्ती की।
जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नैनी झील का जलस्तर 81.1 फीट बना हुआ है।