पिथौरागढ़: उत्तराखंड में बरसात के मौसम ने फिर एक परिवार की खुशियां छीन लीं। जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर देवतपुरचौड़ा गांव में सोमवार देर रात 1 बजे पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर लुढ़ककर एक घर पर जा गिरा। इस हादसे में 11 साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, आधी रात को अचानक पहाड़ी से बोल्डर लुढ़कते हुए रघुवीर प्रसाद और नरेश कुमार पुत्र स्व. शिवराम के मकान में घुस गया। उस समय परिवार गहरी नींद में था। बोल्डर की चपेट में आने से 11 वर्षीय पूज्य कुमार उर्फ प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पूज्य अपने परिवार संग दिल्ली से रिश्तेदारी में यहां आया हुआ था।
हादसे में घर के दो सदस्य रघुवीर प्रसाद और नरेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम रात में ही मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि देवतपुरचौड़ा गांव के घर कई बार पहाड़ी से गिरते बोल्डरों की चपेट में आ चुके हैं, जिससे यह क्षेत्र हमेशा खतरे की जद में रहता है। मासूम की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
