नैनीताल: चेतराम साह ठुलघरिया इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शनी में स्थानीय फोटोग्राफी के दिग्गजों—स्व. ए. एन. सिंह, स्व. बलबीर सिंह एवं स्व. अमित साह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रदर्शनी में स्थानीय फोटोग्राफरों की चुनिंदा कृतियों को प्रदर्शित किया गया, जिन्हें स्कूल-कॉलेज के छात्रों, फोटोग्राफरों तथा नागरिकों ने खूब सराहा।
समापन अवसर पर मुख्य आयोजक पद्मश्री अनूप साह ने बताया कि वर्ष 1984-85 से नैनीताल में प्रतिवर्ष दो फ्लॉवर शो और दो अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफी शो का आयोजन एक परंपरा रहा है। यह आयोजन सी.आर.एस.टी. इंटर कॉलेज और फ्लोरिस्ट लीग, भारत के संयुक्त प्रयासों से होता था, लेकिन कोविड काल के बाद यह कार्यक्रम बाधित हो गए। अब पुनः सी.आर.एस.टी. कॉलेज, फ्लोरिस्ट लीग, भारत तथा हल्द्वानी, अल्मोड़ा, रानीखेत और पिथौरागढ़ के फोटोग्राफी क्लब मिलकर इन्हें पुनर्जीवित करने का प्रयास कर रहे हैं।
अनूप साह ने आगे बताया कि आगामी नवंबर में फूलों और प्राकृतिक दृश्यों पर आधारित विशेष फोटोग्राफी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। अगले वर्ष एक भव्य फ्लावर शो के साथ-साथ बच्चों को फोटोग्राफी की ओर प्रेरित करने के लिए कार्यशालाएं, प्रसिद्ध फोटोग्राफरों के व्याख्यान तथा व्यक्तिगत प्रदर्शनी लगाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर पद्मश्री शेखर पाठक, ग्रुप कैप्टन अच्युत कुमार, डॉ. रितेश साह, रेखा पंत, डॉ. चारु पंत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

