नैनीताल: गत दिवस विधानसभा सत्र के दौरान नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने राज्य के वन मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र की जनसमस्याओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए और विशेष रूप से सड़क निर्माण को लेकर एक लिखित मांगपत्र सौंपा।
विधायक सरिता आर्या ने अपने पत्र में जमीरा–पटवाडॉगर, मंगोली–गहलना, बजून–फगुनियाखेत और नारायणनगर–गैरीखेत सड़कों के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह सड़कें क्षेत्र की जीवनरेखा हैं और इनके निर्माण से स्थानीय जनता को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने विधायक की मांगों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही अपने विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित प्रकरणों का निस्तारण जल्द किया जाएगा, ताकि सड़क निर्माण कार्य शुरू हो सके।
विधायक सरिता आर्या ने कहा कि उपरोक्त सड़कों का नवनिर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि वन विभाग और शासन स्तर पर सकारात्मक पहल होने से जनता को जल्द ही सड़क निर्माण की सौगात मिलेगी।
