उधमसिंहनगर: उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद नज़र आ रहे हैं। मंगलवार सुबह बदमाशों ने कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ढकिया गांव के पूर्व ग्राम प्रधान श्याम सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। अज्ञात हमलावर ने उन पर लगातार दो गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गया।
गोली लगने से श्याम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल काशीपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्याम सिंह सुबह अपनी छोटी बेटी की दवाई लेने गांव के डॉक्टर के पास गए थे। इसी दौरान बाग में छिपे हमलावर ने उन पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी काशीपुर अभय सिंह ने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए टीमें लगाई गई हैं और कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डॉ. मयंक अग्रवाल, श्री कृष्णा हॉस्पिटल काशीपुर के अनुसार, श्याम सिंह की पीठ पर दो गोलियां लगी हैं और उनकी स्थिति बेहद गंभीर है।
