हल्द्वानी: सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) में चोरी की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गंभीर रूप से बीमार बेटे का इलाज कराने पहुंचे एक पिता का रुपयों और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग दो शातिर चोर चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी अस्पताल परिसर में बने मंदिर में हाथ जोड़ते और घंटी बजाते नजर आए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पीड़ित श्याम सिंह, निवासी गरमपानी (खैरना, नैनीताल) अपने बेटे तनुज रावत को 22 अगस्त को ऑपरेशन के लिए STH में भर्ती कराए थे। इलाज के लिए वे बड़ी मुश्किल से 25 हजार रुपये नकद, बेटे के स्कूल सर्टिफिकेट, राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज बैग में लेकर आए थे। रविवार तड़के करीब 5 बजे जब श्याम सिंह बेटे की देखभाल करते हुए वार्ड में थककर सो गए, तभी दो चोरों ने मौका पाकर बैग पार कर दिया।
फुटेज में साफ दिखा कि चोरी के तुरंत बाद चोरों में से एक अस्पताल परिसर में बने मंदिर में हाथ जोड़कर भगवान का धन्यवाद करता है और मंदिर की घंटी भी बजाता है। इस फुटेज के वायरल होने से लोगों में गुस्सा और चिंता दोनों है।
पीड़ित ने तत्काल मेडिकल चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। चौकी प्रभारी बीएस मेहता ने बताया कि चोरों की तलाश में सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों की तस्वीरें स्क्रैच के रूप में कई स्थानों पर भेजी गई हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
श्याम सिंह का कहना है कि मामला सिर्फ पैसों की चोरी का नहीं है, बल्कि बेटे के इलाज से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी चले गए हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि STH में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जो अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। मरीजों और उनके परिजनों में डर और असुरक्षा का माहौल है, लिहाजा अब कड़े कदम उठाने जरूरी हैं।
