उत्तराखंड हाईकोर्ट
हल्द्वानी: उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए परिसर को लेकर चल रही अटकलों पर राज्य सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। न्याय विभाग की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि हाईकोर्ट का नया परिसर हल्द्वानी-रुद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-109) पर बेल बाबा मंदिर के सामने स्थित तराई पूर्वी वन प्रभाग के लामाचौड़ (भाखड़ा रेंज) क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।
न्याय विभाग के अनुसार, वर्ष 2023 में राज्य मंत्रिमंडल ने नैनीताल से हाईकोर्ट को स्थायी रूप से हल्द्वानी स्थानांतरित करने का निर्णय लिया था। इसके लिए प्रारंभिक चरण में 26.08 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई थी।
बाद में हाईकोर्ट की आवश्यकताओं और जिलाधिकारी नैनीताल के निरीक्षण के आधार पर परियोजना के लिए 73 हेक्टेयर वन भूमि का प्रस्ताव तैयार किया गया। इसमें से 40 हेक्टेयर भूमि हाईकोर्ट परिसर के निर्माण के लिए हस्तांतरित करने का अनुरोध किया गया, जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि हाल ही में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में गौलापार का उल्लेख होने से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई थी। इस कारण न्याय विभाग ने संशोधित प्रेस नोट जारी कर स्पष्ट किया है कि नया हाईकोर्ट परिसर गौलापार में नहीं, बल्कि रामपुर रोड स्थित बेल बाबा मंदिर के सामने लामाचौड़ (भाखड़ा रेंज) क्षेत्र में बनाया जाएगा।
प्रस्तावित परिसर में मुख्य न्यायालय भवन, न्यायाधीशों के आवास, अधिवक्ताओं के चैंबर, प्रशासनिक भवन, पार्किंग और अन्य आवश्यक न्यायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार का कहना है कि नए परिसर के निर्माण से न्यायिक व्यवस्था को आधुनिक आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विस्तृत न्यायिक ढांचा तैयार किया जा सकेगा।
