घास काटने गई युवती पर गुलदार का हमला
अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में गुलदार के हमले का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। स्याल्दे ब्लॉक की बबलिया ग्राम पंचायत के मयाल तोक में गुरुवार शाम घास काटने गई 22 वर्षीय युवती पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद युवती ने हिम्मत नहीं हारी और दराती से मुकाबला कर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, हर सिंह कत्यूरा की 22 वर्षीय बेटी सुनीता घर से कुछ दूरी पर मवेशियों के लिए घास काटने गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद सुनीता ने जोर-जोर से शोर मचाया और अपने हाथ में मौजूद दराती से लगातार बचाव करती रही।
युवती की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों के शोर-शराबे के चलते गुलदार जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद परिजनों ने घायल सुनीता को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देघाट पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाने और पिंजरा लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के गांवों में वन कर्मियों की गश्त भी बढ़ा दी गई है।
लगातार सामने आ रही वन्यजीव हमलों की घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
