श्रीनगर बेस अस्पताल में ऑपरेशन
श्रीनगर: केदारनाथ यात्रा के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल दिल्ली के 18 वर्षीय युवक का श्रीनगर स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल में चार घंटे तक चला जटिल न्यूरो ऑपरेशन किया गया। फिलहाल युवक आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी सत्यम (18) केदारनाथ यात्रा के दौरान अचानक सिर पर भारी पत्थर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अगस्त्यमुनि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से श्रीकोट स्थित बेस अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल पहुंचने पर न्यूरोसर्जन डॉ. प्रभात पुरोहित ने तत्काल सीटी स्कैन कराया। जांच में पता चला कि सिर की हड्डी टूटकर मस्तिष्क के भीतर धंस गई थी, जिससे मरीज की स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी। इसके बाद परिजनों की सहमति मिलने पर बुधवार देर रात आपातकालीन ऑपरेशन शुरू किया गया।
करीब चार घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी के दौरान डॉक्टरों ने मस्तिष्क में धंसी हड्डी को सावधानीपूर्वक निकालकर आवश्यक उपचार किया। ऑपरेशन के बाद मरीज को वेंटिलेटर पर आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
इस ऑपरेशन का नेतृत्व न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रोफेसर डॉ. देवेंद्र कुमार और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रभात पुरोहित ने किया। एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. मोहित सैनी, पीजी टीम और नर्सिंग स्टाफ ने भी ऑपरेशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि घायल को अत्यंत गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। समय पर सर्जरी करना आवश्यक था और पूरी टीम ने लगातार चार घंटे तक ऑपरेशन कर उसकी जान बचाने का प्रयास किया।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में श्रीनगर बेस अस्पताल में कई जटिल न्यूरो सर्जरी सफलतापूर्वक की गई हैं। इससे केदारनाथ यात्रा मार्ग और गढ़वाल क्षेत्र में गंभीर सिर की चोट वाले मरीजों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध हो रहा है।
