नैनीताल: आगामी नंदा देवी महोत्सव (28 अगस्त से 5 सितंबर 2025) को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा ने पुलिस बल को ब्रीफ कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि नंदा देवी महोत्सव नैनीताल की आस्था और पर्यटन दोनों से जुड़ा बड़ा आयोजन है, जिसमें हर साल भारी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में क्राउड कंट्रोल, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि—
मेला कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी प्रो–एक्टिव मोड में काम करें।
डॉग स्क्वॉड, बीडीएस, अग्निशमन व संचार टीमों को हर समय सक्रिय रखा जाए।
सीसीटीवी टीम लगातार मॉनिटरिंग करें और अभिसूचना टीमें मूवमेंट में रहकर संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना साझा करें।
मेले में अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे वस्त्रों में पुलिस की तैनाती की जाएगी।
लगातार चेकिंग व फ्रिस्किंग अभियान चलाया जाएगा।
यातायात व्यवस्था पर जोर देते हुए एसएसपी ने यातायात निरीक्षक नैनीताल को शोभायात्रा और कदली वृक्ष नगर भ्रमण के दौरान प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना मल्लीताल, तल्लीताल और यातायात पुलिस को पर्याप्त बल की तैनाती के साथ अन्य विभागों से समन्वय स्थापित करने को कहा।
ब्रीफिंग के दौरान मौजूद रहे—
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ हल्द्वानी/नैनीताल नितिन लोहनी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल हेम चंद्र पंत, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह और राजकुमार बिष्ट, यातायात निरीक्षक वेद प्रकाश भट्ट, निरीक्षक (मेलाधिकारी) उमेश कुमार मालिक, थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नयाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी।
