उत्तराखंड: उत्तराखंड में मानसून फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग ने आज देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और पौड़ी में भी बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य जनपदों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
देहरादून में गुरुवार सुबह झमाझम बारिश के बाद धूप निकली, लेकिन दोपहर में फिर बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया। खासकर स्कूल की छुट्टी के समय हुई बारिश से बच्चे मुश्किल में पड़ गए, जबकि तेज बरसात से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया।
इधर, चमोली जिले के थराली में लगातार भूस्खलन से लोग दहशत में हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली के पीछे सड़क टूटकर अस्पताल में मलबा घुस गया। इस दौरान मरीज, तीमारदार और स्टाफ ने भागकर अपनी जान बचाई। सौभाग्य से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
गौरतलब है कि एक हफ्ते पहले बादल फटने की घटना में थराली कस्बे और आसपास के इलाकों में 30 से ज्यादा मकान, दुकान और वाहन मलबे में दब गए थे। तब से क्षेत्र में लगातार भूस्खलन जारी है, जिसकी वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त बना हुआ है।
