हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने नशे और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वनभूलपुरा और काठगोदाम क्षेत्र से अलग-अलग मामलों में आरोपियों को दबोचकर भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और शराब बरामद की।
वनभूलपुरा में मोहम्मदी मस्जिद इन्द्रा नगर के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर की स्कूटी से आरोपी रिजवान मियां को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 8 स्ट्रिप में 40 इंजेक्शन Buprenorphire Hydochloride, 39 इंजेक्शन Phenramile Maleate और 10 इंजेक्शन Avil सहित कुल 89 नशीले इंजेक्शन मिले। आरोपी के खिलाफ थाना बनभूलपुरा में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी तरह काठगोदाम क्षेत्र में थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान अजय सिंह बिष्ट को पकड़ लिया। आरोपी के पास से 52 टेट्रा पाउच देसी संतरा ब्रांड शराब बरामद हुई। उसे स्टेडियम गोलापार से गोलापुल की ओर जाते समय गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे और अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
