देहरादून। उत्तराखंड में इस साल मानसूनी बारिश लगातार अपने चरम पर है। मौसम विभाग के अनुसार, अब केवल अगले पांच दिन ही नहीं बल्कि आगामी 15 दिन तक बरसात का सिलसिला जारी रहेगा। विभाग के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि 15 सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश का दौर बना रहेगा। हालांकि, इसके बाद बारिश थोड़ी हल्की हो सकती है और सितंबर के अंतिम सप्ताह तक मानसून की विदाई की संभावना है।
पिछले वर्षों पर नज़र डालें तो राज्य में औसतन 25 सितंबर तक मानसून विदा हो जाता है। 2023 में छह अक्तूबर और 2024 में दो अक्तूबर को मानसून विदा हुआ था। इस बार भी अनुमान है कि मानसून 25 सितंबर के आसपास तक ठहरेगा।
आज तीन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को देहरादून, उत्तरकाशी और बागेश्वर जिले के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी जिलों में येलो अलर्ट लागू है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
24 घंटे में रिकॉर्ड बारिश
बीते 24 घंटे में प्रदेश में औसतन 42.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में तो आंकड़ा 170 मिमी से भी ऊपर चला गया।
हरिपुर: 177 मिमी
कपकोट: 140 मिमी
कर्णप्रयाग: 135.8 मिमी
जखोली: 128 मिमी
ऊखीमठ: 125 मिमी
कालसी: 143.5 मिमी
टनकपुर: 110 मिमी
धारचूला: 112.4 मिमी
खटीमा: 112 मिमी
चमोली: 104.6 मिमी
रोशनाबाद: 100 मिमी
कोटि: 100.5 मिमी
अब तक मानसून सीजन में 1131.2 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। विभाग ने माना है कि पिछले 24 घंटों में प्रदेशभर में अत्यधिक बारिश हुई है।
