file photo
हल्द्वानी: प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना बेरोजगार युवाओं की जिंदगी में नई उम्मीद जगा रही है। इसी कड़ी में जिला उद्योग केंद्र नैनीताल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 118 लाभार्थियों को प्रशिक्षण पूरा करने के बाद प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक पल्लवी गुप्ता ने बताया कि इस योजना के तहत युवाओं को सब्सिडी युक्त लोन उपलब्ध कराया जाता है। पांच दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत प्रमाणपत्र दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 725 युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक 350 आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि कोई भी इच्छुक युवक/युवती जिला उद्योग केंद्र में आवेदन कर कारोबार शुरू करने के लिए लोन प्राप्त कर सकता है। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल (https://msy.uk.gov.in) के माध्यम से भी की जा सकती है। यदि किसी को दिक्कत आती है तो सीधे केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।
योजना के तहत अलग-अलग क्षेत्रों में 1 लाख से 25 लाख रुपए तक का लोन उपलब्ध कराया जाता है। इसमें लाभार्थियों को 15% से 35% तक की छूट भी दी जाती है। आवेदनकर्ता उत्तराखंड का निवासी होना चाहिए और उसके पास आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर अनिवार्य है।
यह योजना युवाओं के लिए कई क्षेत्रों में रोजगार का मार्ग खोल रही है। आयुर्वेदिक उद्योग, फूड प्रोडक्ट, पैकेजिंग, आटा चक्की, फर्नीचर, मसाला उद्योग, फोटोग्राफी, एलईडी बल्ब निर्माण, बुटीक, सिलाई-कढ़ाई, ज्वैलरी, मोबाइल रिपेयरिंग, मशरूम उत्पादन, डेयरी, टेंट हाउस, रेडीमेड गारमेंट, स्टील फैब्रिकेशन, साइबर कैफे, बिस्किट व पोहा निर्माण सहित 70 लघु उद्योगों में आवेदन किया जा सकता है।
