हल्द्वानी: शनिवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री, दीपक रावत ने रामनगर के जिप्सी चालकों को बड़ी राहत दी। उन्होंने आदेश जारी किया कि कार्बेट टाइगर रिज़र्व से बाहर के क्षेत्रों में जिप्सी संचालन के लिए उन्हें विशेष परमिट प्रदान किए जाएंगे। यह निर्णय लगभग 50 जिप्सी चालकों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर लिया गया। इससे स्थानीय चालकों को आजीविका के नए अवसर मिलेंगे और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही जनता मिलन में भूमि विवाद, बिजली, जल संस्थान, भरण-पोषण, घरेलू हिंसा, नक्शा सुधार और स्मार्ट मीटर से बढ़े बिल जैसी समस्याओं पर त्वरित सुनवाई हुई। स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायत पर उन्होंने यूपीसीएल के मुख्य अभियंता को डेटा आकलन करने के निर्देश दिए। वहीं, सितारगंज के भूमि विवाद मामले में उपजिलाधिकारी रुद्रपुर को रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। आयुक्त ने मौके पर ही कई मामलों का समाधान कर शेष पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान नैनीताल जिला राइफल एसोसिएशन के पदक विजेताओं ने भी मंडलायुक्त से भेंट की। हाल ही में आयोजित राज्य स्तरीय शूटिंग चैम्पियनशिप में 32 प्रतिभागियों में से 17 ने पदक जीते। आयुक्त ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके अलावा, कुमाऊं मंडल में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएँ। साथ ही आम जनता से अपील की कि भारी वर्षा के दौरान नदियों-नालों और जोखिमपूर्ण क्षेत्रों में न जाएँ तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।
