देहरादून मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। 3 सितंबर को देहरादून, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा। इसके अलावा 4 से 7 सितंबर तक लगभग पूरे राज्य में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि—
हर स्तर पर सुरक्षा और तत्परता सुनिश्चित की जाए।
किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तुरंत कार्यवाही और सूचना साझा की जाए।
PWD, BRO और NHAI जैसी एजेंसियां सड़कों को बाधित होने पर तुरंत खोलने की व्यवस्था करें।
चौकी, थाने और राजस्व उपनिरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में हाई अलर्ट पर रहें।
किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल स्विच ऑफ न रहे।
जरूरत पड़ने पर फंसे हुए लोगों के लिए खाद्य सामग्री की व्यवस्था की जाए।
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में विशेष सावधानी बरती जाए।
भारी बारिश के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों का आवागमन रोका जाए।
जिला सूचना अधिकारी मीडिया के जरिए जनता को अलर्ट की जानकारी दें और लोगों से अपील करें कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
साथ ही, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पहले से उपकरण और मशीनरी तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
आपदा से जुड़ी किसी भी सूचना या मदद के लिए SEOC और राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क किया जा सकता है। संपर्क नंबर हैं: 0135-2710335, 0135-2710334, टोल फ्री 1070, 9058441404 और 8218867006।

