देहरादून: राजधानी में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वसंत विहार थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित गौतम इंटरनेशनल स्कूल के स्टोर रूम में अचानक आग भड़क उठी। उस वक्त स्कूल परिसर में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
जैसे ही आग की लपटें उठीं, स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। लेकिन स्कूल स्टाफ की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और वसंत विहार पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण स्टोर रूम में शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। स्टोर में रखे पुराने कपड़े और सामान ने आग को फैलने में और तेज कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि की जा रही है।
