उधामसिंह नगर: ऊधमसिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 16 सितंबर को ग्राम अमियावाला की किशोरी पशुओं के लिए गन्ने का छिलका लेने गई थी, तभी गांव का ही 20 वर्षीय युवक राजीव उसे खेत में ले गया। वहां उसने दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर और धारदार ब्लेड से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मणिकान्त मिश्रा ने तत्काल 10 पुलिस टीमों का गठन किया। डॉग स्क्वॉड, फोरेंसिक और मोबाइल यूनिट ने मौके से अहम सुराग जुटाए। आरोपी द्वारा गन्ने के खेत से बच्चे के रोने की फैलाई गई अफवाह पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हुई।
वैज्ञानिक जांच और कड़ी पूछताछ में आरोपी राजीव ने जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर खून से सना ब्लेड और कपड़े भी बरामद हुए। पुलिस रिकॉर्ड से यह भी सामने आया कि आरोपी पर पहले से आपराधिक मुकदमा दर्ज था।
मृतका की मां की तहरीर पर कोतवाली जसपुर में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को पोक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
