गढ़वाल: उत्तराखंड के गढ़वाल से बीजेपी सांसद अनिल बलूनी उस समय बाल-बाल बच गए जब बद्रीनाथ हाईवे पर अचानक पहाड़ भरभराकर गिर पड़ा। वे उस वक्त भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने जा रहे थे। खतरे को भांपते ही उन्होंने तुरंत गाड़ी से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भागकर अपनी जान बचाई। सांसद ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा भी किया है।
बता दें कि बद्रीनाथ हाईवे पर इस बार नया भूस्खलन जोन कर्णप्रयाग और नंदप्रयाग के बीच उमटा में सक्रिय हुआ है। मानसून के दौरान इस क्षेत्र में लगातार भूस्खलन होने से हाईवे बार-बार बाधित होता रहा है। अब यहां आरसीसी पुल के एक छोर पर सड़क धंसने से पुल की नींव कमजोर हो गई है, जिसके कारण फिलहाल केवल वनवे में यातायात चल रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि नाले में भरा मलबा और पहाड़ियों से बढ़ता पानी का स्तर स्थिति को और गंभीर बना सकता है। भूस्खलन जोन अब लगभग 200 मीटर क्षेत्र में फैल चुका है।
जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने हाईवे की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए एनएच अधिकारियों पर आपदा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। अब जबकि मानसून थम चुका है, पुल और सड़क के धंसे हिस्से की स्थायी मरम्मत के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है।
फिलहाल वनवे यातायात से आवाजाही हो रही है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि यह अस्थायी इंतजाम किसी भी वक्त बड़ी मुसीबत में बदल सकता है।
