देहरादून: सितंबर का आधा महीना गुजर चुका है, लेकिन उत्तराखंड में अब भी मानसून का असर कम नहीं हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को अभी कुछ और दिन बारिश की मार झेलनी पड़ सकती है।
अगस्त की शुरुआत से ही लगातार हो रही बारिश ने हालात मुश्किल बना दिए हैं। कई जगह एक घंटे में 60 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिसने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। विभाग का पूर्वानुमान कहता है कि सितंबर के अंत तक बारिश का सिलसिला पूरी तरह थमने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, अगले 24 घंटे में देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चंपावत, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 21 और 22 सितंबर को पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इसके बाद 23 से 25 सितंबर तक पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश बनी रह सकती है, जबकि मैदानी जिलों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। आपदा प्रबंधन विभाग ने यात्रियों और नदी-गदेरे के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
