नैनीताल: नगर में आज श्री राम सेवक सभा द्वारा आयोजित भव्य राम बारात में श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ ने भाग लिया। मल्लीताल बाजार से प्रारंभ हुई बारात में श्री राम, सीता और लक्ष्मण रथ पर सवार होकर शहर के प्रमुख मार्गों—बीच बाजार, वाल्मीकि मंदिर, आर्य समाज रोड और बी डी पांडे रोड—से होते हुए सभा भवन पहुँची।
बारात में बैंड की मधुर धुन और जय श्री राम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने श्री राम को गेंदा के पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में रोशनी, आतिशबाजी और अनारों से भव्य दृश्य प्रस्तुत हुआ।
श्री राम सेवक सभा परिवार ने आरती के साथ सभी के स्वास्थ्य, समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती सरिता आर्य, दर्जा राज्य मंत्री शांति मेहरा, संरक्षक गिरीश जोशी, अध्यक्ष मनोज साह सहित कई गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति, सभा के सदस्य और बड़ी संख्या में रामानुरागी उपस्थित रहे।
सभा ने इस अवसर पर श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण भी किया।
