भीमताल: भीमताल में पहचान छिपाकर युवतियों के साथ कथित तौर पर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस प्रकरण को लेकर कई लोग कोतवाली पहुंचे और सामूहिक रूप से तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, बाईपास क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी वास्तविक पहचान छुपाकर कई युवतियों से संपर्क किया और उनसे संबंध बनाए। बाद में उसने अपना नाम मोहम्मद यूनुस बताया। आरोप है कि उसने युवतियों के साथ धोखे से संबंध बनाए और उनका विभिन्न स्तरों पर शोषण किया।
तहरीर में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने पीड़िताओं से महंगे सामान मंगवाए और उनसे करीब 17 लाख रुपये तक खर्च करवाए। इसे आर्थिक शोषण बताया गया है। साथ ही आरोप है कि उसने पीड़िताओं पर दबाव बनाया, उनके साथ मारपीट की और अनुचित कार्य करने के लिए मजबूर किया।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी के पास पीड़िताओं की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हो सकते हैं, जिनका दुरुपयोग किया जा सकता है। कई पीड़िताएं सामाजिक कारणों से खुलकर सामने नहीं आ पा रही हैं, लेकिन वे संपर्क में रहकर अपनी बात रख रही हैं।
मामले को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
