रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक रोज की तरह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था, लेकिन घर वापस नहीं लौट सका।
जानकारी के अनुसार बगवाड़ा भट्ठा निवासी दीपक साहनी सुबह करीब साढ़े चार बजे टहलने के लिए निकला था। जब वह बगवाड़ा मंडी गेट के सामने सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दीपक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपक टाइल्स लगाने का काम करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
