नैनीताल: नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी और त्रिशुली नदी में अचानक आई बाढ़ से जन-धन के नुकसान के बाद नैनीताल जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों ने नेपाल में रह रहे नैनीताल जिले के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि फिलहाल नेपाल में आई इस आपदा से नैनीताल जिले के किसी भी नागरिक के प्रभावित होने की सूचना प्रशासन को नहीं मिली है। हालांकि, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की सूचना मिलने पर आवश्यक सहायता एवं समन्वय की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नैनीताल जिले के लोगों से अपील की है कि यदि उनका कोई परिजन या अन्य नागरिक नेपाल में रह रहा है और बाढ़ से प्रभावित हुआ है, तो इसकी जानकारी तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दें।
प्रशासन के मुताबिक, किसी नागरिक के प्रभावित होने या उसके संबंध में किसी तरह की जानकारी मिलने पर समय रहते सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।
नेपाल में बाढ़ से प्रभावित किसी नैनीताल निवासी के संबंध में जानकारी देने या सहायता की जरूरत होने पर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, नैनीताल से इन माध्यमों पर संपर्क किया जा सकता है:
दूरभाष: 05942-231181, 231179, 231178
टोल फ्री नंबर: 1077
मोबाइल: 8272080884
ई-मेल: deocnainital@gmail.com
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नेपाल में रह रहे नैनीताल जिले के किसी नागरिक के बाढ़ से प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर बिना देरी के प्रशासन को सूचित करें।
प्रशासन का कहना है कि प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित व्यक्ति की स्थिति का पता लगाने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नैनीताल जिले से किसी नागरिक के नेपाल में आई बाढ़ से प्रभावित होने की सूचना नहीं है और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

