नैनीताल: ज्योलीकोट-रानीबाग मोटर मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कौसानी गांव के पास एक टैक्सी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक समेत पांच पर्यटक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
.
जानकारी के अनुसार टैक्सी नैनीताल से सवारियां लेकर हल्द्वानी की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया। देखते ही देखते गाड़ी सड़क से नीचे की ओर लुढ़क गई। हालांकि वाहन सिर्फ एक बार पलटकर करीब 10 फुट नीचे जाकर रुक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
.
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। दोगड़ा चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान पूर्णिया (बिहार) निवासी रिजवान (19), साबिर (46), राजू (19), मोहम्मद जाकिर (35), रिजवान (36) और चालक मनोज कनवाल के रूप में हुई है। इनमें साबिर को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य को हल्की चोटें बताई जा रही हैं।
सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
