नैनीताल : जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भवाली थाना क्षेत्र के रातीघाट के पास हुआ, जब पर्यटकों से भरी एक SUV अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई।
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय एक युवक सनरूफ से बाहर निकलकर नजारे देख रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और SUV पलट गई। झटके के कारण युवक सनरूफ और सड़क के बीच बुरी तरह फंस गया।
…
.
मृतक की पहचान 36 वर्षीय रवि कुमार पटेल, निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वाहन में मौजूद अन्य तीन लोग भी बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही भवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन देर रात नैनीताल पहुंच गए।
