रामनगर । नैनीताल पुलिस ने लूट के एक मामले का खुलासा किया है। जिसमें आरोपी की गिरफ्तार कर लिया गया है। लूट को अंजाम देने वाला यह आरोपी पहले जिला बदर घोषित किया जा चुका था, लेकिन बावजूद इसके भी वह बिना अनुमति के नैनीताल जिले में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी को लूट की गई स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार कर लिया है। जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने पर आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार बीते 9 जून 2026 की पीरुमदारा के हिम्मतपुर ब्लॉक निवासी सफीक हैदर ने कोतवाली रामनगर में शिकायत दर्ज करवाते हुए कहा था कि चार युवकों ने रास्ते में उन्हें रोककर उनकी स्कॉर्पियो कार, चांदी की चेन और कुछ नगदी लूट ली। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की इतना ही नहीं बल्कि जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
इस मामले की गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपियों की तलाशी में जुट गए।
तलाश के दौरान 25 जून 2026 को पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान हाथीडगर क्षेत्र से योगेश सागर उर्फ मंकू पुत्र छत्रपाल सिंह, निवासी ग्राम लूटाबड़, रामनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के कब्जे से लूटी गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली गई।
जांच में यह भी सामने आया कि योगेश सागर को मार्च 2026 में जिलाधिकारी नैनीताल ने छह महीने के लिए जिला बदर किया था। इसके बावजूद वह बिना किसी अनुमति के नैनीताल जिले की सीमा में मौजूद मिला।
इस पर पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम की धारा 3/10 के तहत एक और मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल प्रयाग कुमार और कांस्टेबल कविन्द्र सिंह शामिल रहे।
