रुद्रपुर: कैंची धाम जा रहे दो युवकों की बाइक सिडकुल चौक के पास अचानक सड़क पर आए गोवंश से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे 19 वर्षीय विक्की खरवाल की मौत हो गई, जबकि उसका 22 वर्षीय मौसेरा भाई राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बलिया निवासी विक्की खरवाल दिल्ली में रहकर पेंट का काम करता था। वह अपने मौसेरे भाई राहुल के साथ कैंची धाम जाने के लिए 12 सितंबर को दिल्ली से निकला था। बताया गया कि शुरुआत में बाइक उसका दोस्त चला रहा था, लेकिन बाद में विक्की ने बाइक संभाल ली।
13 सितंबर को सिडकुल चौक के पास अचानक सड़क पर गोवंश आ गया। बाइक उससे टकरा गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि राहुल को भी गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया, जबकि राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार विक्की के पिता बृजेश की दो-तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

