देहरादून: उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून और भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चारधाम यात्रा दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से स्थगित कर दी है। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि यात्रा मार्गों पर कई स्थानों पर भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने के साथ मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन के अनुसार मौसम की स्थिति सामान्य होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित होने के बाद चारधाम यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे मौसम और प्रशासन की ओर से जारी ताजा अपडेट के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है। वहीं देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कुछ क्षेत्रों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश के दौर पड़ने की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने लोगों और तीर्थयात्रियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
प्रारंभिक पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में 2 अगस्त तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
