रुद्रपुर। रुद्रपुर के चर्चित गैंगरेप मामले में फरार चल रहे तीनों वांछित आरोपियों को पुलिस ने सोमवार की देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई ,और कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगे। जिस पर पुलिस ने उनका पीछा कर उनकी घेराबंदी की।
पुलिस ने बताया कि खुद को घिरता हुआ देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान तीनों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गएहै।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी गैंगरेप मामले में मुख्य वांछित हैं और उनकी तलाश सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से की जा रही थी। बरामद हथियारों और पुलिस पर फायरिंग के मामले में आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की, उन्होंने जांच अधिकारियों को मामले की विवेचना तेजी से पूरी करने और सभी साक्ष्य जुटाने तथा अदालत में मजबूत चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है की, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब मामले में विवेचना अंतिम चरण पर है।
