हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी के फतेहपुर क्षेत्र में सोमवार शाम भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा टल गया। भाखड़ा नदी पार करते समय बाइक सवार दो लोग अचानक तेज बहाव में फंस गए। दोनों को नदी में संघर्ष करता देख आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत मिलने से दोनों की जान बच गई।
घटना उस समय हुई जब दोनों बाइक से भाखड़ा नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और तेज बहाव में दोनों बीच धारा में फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को बुलाया और सामूहिक प्रयास से दोनों को सुरक्षित निकाल लिया।
इस घटना ने फतेहपुर क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है। बरसात के मौसम में भाखड़ा नदी उफान पर रहती है, लेकिन आज तक यहां स्थायी पुल का निर्माण नहीं हो सका। मजबूरी में ग्रामीण रोजमर्रा के काम, खेती, स्कूल और बाजार जाने के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासी नीरज तिवारी का कहना है कि हर साल बरसात में ऐसी घटनाएं सामने आती हैं। कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पुल निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुल का निर्माण नहीं हुआ तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
उधर, लगातार हो रही बारिश के चलते प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने और अनावश्यक रूप से जलधाराएं पार नहीं करने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी प्रदेश में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके बावजूद कई लोग मजबूरी और लापरवाही के चलते अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
