देहरादून: रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उत्तराखंड में महिलाएं 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में बिना किराया दिए मुफ्त सफर कर सकेंगी। सरकार ने दोनों दिनों के लिए महिलाओं को बस किराये में 100 प्रतिशत छूट देने का फैसला किया है।
इस संबंध में उत्तराखंड शासन की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। शासन ने उत्तराखंड परिवहन निगम को आदेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।
रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार के लोगों से मिलने के लिए सफर करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से महिलाओं को त्योहार के दौरान आने-जाने में आर्थिक राहत मिलेगी।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं के आवागमन को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। दो दिनों तक रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने में भी सहूलियत होगी।
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा देने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त व्यय की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। यानी मुफ्त यात्रा के कारण निगम को होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई सरकार की ओर से की जाएगी।
अपर सचिव शासन रीना जोशी की ओर से जारी शासनादेश में परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम को इस संबंध में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस फैसले के बाद रक्षाबंधन पर अपने मायके जाने वाली महिलाओं को दो दिनों तक रोडवेज बसों में सफर के लिए किराया नहीं देना पड़ेगा।

