हल्द्वानी: मुखानी थाना क्षेत्र के कमलवागांजा स्थित खन्ना होटल के सामने कालाढूंगी रोड किनारे शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह 6:47 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि कमलवागांजा रोड पर एक व्यक्ति सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां युवक चित्त अवस्था में पड़ा मिला। उसके चप्पल सड़क किनारे अलग-अलग स्थानों पर बिखरे हुए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। मृतक की पहचान दीपक भट्ट (41 वर्ष) पुत्र उर्वादत्त भट्ट, निवासी इंदिरापुरम कॉलोनी, हरिपुर नायक के रूप में हुई।
मौके पर मौजूद मृतक की भाभी रेनू भट्ट ने पुलिस को बताया कि दीपक शराब पीने का आदी था और उसका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों ने उसे शराब पीने से मना किया था। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 से 9:30 बजे वह घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर कोई गंभीर चोट नहीं मिली है। हालांकि कान के पास हल्की खरोंच के निशान पाए गए हैं। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया गया है।
मुखानी पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
