उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। नानकमत्ता-दहला रोड स्थित हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार चंपावत के माडली निवासी शिक्षक संजय पांडे (41) अपने साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश जोशी के साथ हल्द्वानी से नई कार खरीदकर लौट रहे थे। देर रात करीब 10:30 बजे उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
दुर्घटना में जीआईसी बालातड़ी में तैनात शिक्षक संजय पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी कार में सवार किच्छा निवासी दीपान्त सिंघल (24) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मनप्रीत सिंह और चंद्रप्रकाश जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा मोर्चरी भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
संजय पांडे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों, माता-पिता और दादी को छोड़ गए हैं। वे एक समर्पित शिक्षक होने के साथ-साथ भजन गायकी के लिए भी क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
