नैनीताल: ज्योलीकोट क्षेत्र के कई गांवों में पीलिया और डायरिया जैसी बीमारियों के मामले सामने आने के बाद अब स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। क्षेत्र में कई छात्रों के बीमारी की चपेट में आने की जानकारी के बाद छात्रहित में बड़ा फैसला लिया गया है।
ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर तीन दिन के अवकाश की मांग की थी। इसके बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी की ओर से आदेश जारी कर प्रभावित क्षेत्र के चिन्हित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 1 सितंबर से 3 सितंबर तक अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार ज्योलीकोट, भल्यूटी, बेलुवाखान और गांजा क्षेत्र के प्रभावित प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालयों के साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज और अन्य चिन्हित शिक्षण संस्थानों में तीन दिन का अवकाश रहेगा। इसके अलावा क्षेत्र के सेंट एन्थोनी कॉन्वेंट, हिमालयन एकेडमी, बाल संसार सैनिक स्कूल तथा संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों को भी आदेश के दायरे में रखा गया है। प्रशासन की ओर से यह कदम संक्रमण को और फैलने से रोकने तथा बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
क्षेत्र में बीमारी फैलने की आशंका के बीच पेयजल की शुद्धता को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट द्वारा अपने स्तर से प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों के पेयजल टैंकों में हाइपो आदि डालकर पानी को शुद्ध करने का कार्य किया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को जल्द राहत पहुंचाना और दूषित पानी के कारण बीमारी के संभावित प्रसार को रोकना है।


