हल्द्वानी: सोशल मीडिया पर पसंदीदा यूट्यूबर को देखने और उनकी लग्जरी कारों का दीदार करने की चाह एक 13 वर्षीय किशोर को देहरादून से हल्द्वानी तक ले आई। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला यह किशोर घर से निकला और ट्रेन से हल्द्वानी पहुंचकर सीधे यूट्यूबर सौरभ जोशी के घर जा पहुंचा। किशोर की कहानी सुनकर सौरभ ने उसे अपनी लग्जरी कारें दिखाईं और घर का होम टूर भी कराया। बाद में उसे हल्द्वानी कोतवाली लाया गया, जहां से पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, किशोर देहरादून के सेलाकुईं का रहने वाला है और आठवीं कक्षा में पढ़ता है। बृहस्पतिवार को वह घर से निकलकर ट्रेन के जरिए हल्द्वानी पहुंचा। यहां रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वह सीधे सौरभ जोशी के घर पहुंच गया।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की प्रभारी एसआई सुनीता कुंवर ने जब किशोर से बातचीत की तो उसने बताया कि वह पिछले करीब चार वर्षों से सौरभ जोशी के व्लॉग देख रहा है। वह यूट्यूबर के पास मौजूद एक लग्जरी कार को करीब से देखना चाहता था।
किशोर ने पुलिस को बताया कि वह घर आने वाले रिश्तेदारों से मिलने वाले रुपये जमा करता रहा था। इसी पैसे से वह घर से निकलकर ट्रेन के जरिए हल्द्वानी पहुंचा।
सौरभ जोशी ने किशोर को अपनी कारें दिखाईं और घर का होम टूर भी कराया। इसके बाद उसे हल्द्वानी कोतवाली लाया गया और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल को सूचना दी गई।
एएचटीयू प्रभारी एसआई सुनीता कुंवर के मुताबिक, पुलिस ने किशोर के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें बुलाकर बच्चे को सकुशल सौंप दिया। किशोर की काउंसलिंग भी की गई, ताकि उसे घर से इस तरह अकेले निकलने के जोखिमों के बारे में समझाया जा सके।
समय रहते किशोर के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली।



