हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में रविवार रात तेज रफ्तार और शराब के नशे का खौफनाक नजारा देखने को मिला। कथित तौर पर नशे में धुत एक कार चालक ने शहर की अलग-अलग जगहों पर चार राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अन्य तीन लोग भी चोटिल हुए। गुस्साए लोगों ने आरोपी चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कार को सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे मुखानी निवासी पंकज कथित रूप से शराब के नशे में कार चला रहा था। वह ऊंचापुल की ओर से कालाढूंगी रोड होते हुए शहर की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुखानी चौराहे से कालाढूंगी चौराहे के बीच उसने लापरवाही और तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, लेकिन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।
इसके बाद आरोपी जेल रोड की ओर बढ़ गया। कालू सिद्ध बाबा मंदिर के पास उसने पीछे से एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला कई फीट दूर जाकर गिरी और मौके पर ही बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
महिला को टक्कर मारने के कुछ ही दूरी पर चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन बिजली के खंभे से जा टकराया। कार रुकते ही आसपास मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने चालक को कार से बाहर निकालकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि मेडिकल जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। दुर्घटनाग्रस्त कार को सीज कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
