RTO कार्यालय में फायरिंग से मचा हड़कंप
हल्द्वानी: हल्द्वानी संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO) में मंगलवार शाम कर्मचारियों के बीच विवाद के बाद कथित तौर पर गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली किसी कर्मचारी या फरियादी को नहीं लगी, बल्कि कार्यालय में रखी लोहे की अलमारी को चीरते हुए फाइलों में जा धंसी। घटना के बाद आरोपी अधिकारी हथियार समेत मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार शाम करीब 4 बजे RTO के हॉल नंबर 11 में हुई। रोजमर्रा की तरह कार्यालय में कामकाज चल रहा था। इसी दौरान गोली चलने की तेज आवाज से कर्मचारियों और फरियादियों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी का अपने साथी कर्मचारी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद अधिकारी ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर फायर कर दिया।
गोली सामने रखी लोहे की अलमारी में जा लगी और फाइलों के बीच जाकर धंस गई। गनीमत रही कि फायरिंग में कोई कर्मचारी या फरियादी घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद अधिकारी अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर मौके से फरार हो गया। बताया गया है कि घटना के बाद से उसका फोन भी बंद आ रहा है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी अल्मोड़ा कार्यालय से ट्रांसफर होकर हल्द्वानी आया था। सेवा पटला से हटाकर अन्यत्र संबद्ध किए जाने को लेकर अधिकारी नाराज चल रहा था।
हालांकि, इस संबंध में RTO अरविंद पांडे ने आपसी विवाद से इनकार करते हुए दावा किया कि पिस्टल निकालते समय गलती से फायर हो गया।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। RTO रोड चौकी प्रभारी महिला दरोगा दीपा जोशी ने घटनास्थल का जायजा लिया और मौके से साक्ष्य जुटाए।
चौकी प्रभारी की शिकायत पर आरोपी अधिकारी के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। सामने आई CCTV फुटेज में अधिकारी के गोली चलाने की घटना कैद होने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद RTO विभाग ने भी आरोपी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी अधिकारी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही गोली चलने की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
नोट: उपलब्ध जानकारी के अनुसार गोली चलने की घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फायरिंग के कारणों को लेकर पुलिस जांच और आरोपी के बयान के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

