हल्द्वानी: शहर के मुखानी थाना क्षेत्र में पशु चिकित्सा विभाग में तैनात एक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक का शव उसके किराये के कमरे में बेड पर मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, पीलीकोठी शिवपुरम निवासी मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि उनका किरायेदार जयप्रकाश (45) कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे के भीतर जयप्रकाश का शव बेड पर पड़ा मिला। गले पर निशान थे और पंखे से दुपट्टे का फंदा भी लटका हुआ था।
घटनास्थल से शराब की खाली बोतल भी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिजनों के अनुसार, जयप्रकाश एक दिन पहले ही अपनी पत्नी और बेटे के साथ एक रिश्तेदारी में गया था, जहां किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद वह नाराज होकर शनिवार शाम अकेले अपने कमरे पर लौट आया था। रविवार सुबह जब परिजन उसे देखने पहुंचे तो दरवाजा बंद मिला और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
